
Last Updated:September 10, 2026, 18:35 IST
Rewa Congress Protest: रीवा में जच्चा-बच्चा मौत मामले को लेकर कांग्रेस का न्याय सत्याग्रह लगातार जारी है. स्वास्थ्य मंत्री और रीवा विधायक राजेंद्र शुक्ल के इस्तीफे की मांग को लेकर आज कांग्रेस ने उनके आवास के घेराव का प्रयास किया. युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया की अगुवाई में निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रसिया मोहल्ले के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया. फिर पुलिस ने विक्रांत भूरिया और कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया.

रीवा में हिरासत में लिए गए कांग्रेस विधायक
Rewa Congress Protest: रीवा में संजय गांधी अस्पताल में 26 अगस्त को कल्पना मिश्रा और उसके नवजात बच्चे की मौत के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ था. इसके बाद कई बड़े कांग्रेस नेता रीवा पहुंचे और राज्य सरकार पर हमला बोला. अब विरोध प्रदर्शन राजनीतिक आंदोलन में बदलता जा रहा है. मृतिका के पिता रामशिरोमणि मिश्रा पिछले आठ दिनों से सेमरिया चौराहे पर अनशन कर डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
इसी मामले को लेकर कांग्रेस ने स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के गृह जिले रीवा में चार दिन से न्याय सत्याग्रह शुरू कर रखा है. बताया जा रहा है कि कांग्रेस का यह न्याय सत्याग्रह राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में चल रहा है. इसमें शामिल होने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी पहुंच चुके हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया.
पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले और चलाई वाटर कैनन
जीतू पटवारी के भाषण के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता राजेंद्र शुक्ल के आवास की ओर बढ़े. रसिया मोहल्ले के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक दिया. कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने का प्रयास किया तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन चलाया. आंसू गैस के लगातार इस्तेमाल से आसपास के बाजार में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया. राहगीरों और दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी तितर-बितर हो गए, वही एक युवक बेहोश हो गया. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा. प्रदर्शन के दौरान विक्रांत भूरिया समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया.
विक्रांत भूरिया ने की राजेंद्र शुक्ल के इस्तीफे की मांग
विक्रांत भूरिया ने कहा कि पुलिस ने हमारे ऊपर बल प्रयोग किया है. अगर राजेंद्र शुक्ल अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो हम भोपाल जाएंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव के घर का घेराव करेंगे. विक्रांत अभी झाबुआ से विधायक हैं.
कांग्रेस ने जच्चा-बच्चा मौत मामले के साथ प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को भी बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाया है. छिंदवाड़ा में बच्चों की मौत, बालाघाट में आदिवासी बैगा बच्चों की मौत और सागर के जहरीली शराब मामले को लेकर भी कांग्रेस सरकार पर हमलावर है. कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश की स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था लगातार सवालों के घेरे में है.
About the Author
गोविन्द सिंहSenior Sub Editor
गोविन्द सिंह जनवरी 2026 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर Senior Sub Editor कार्यरत हैं, जहां वह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ स्टेट टीम का हिस्सा हैं. किस्सागोई के अंदाज में खबरें पेश कर…
और पढ़ेंLocation :
Rewa,Madhya Pradesh
First Published :
September 10, 2026, 18:32 IST

