
MP CG News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो दोनों राज्यों की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट्स मिलेंगे. इसके अलावा आपको राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और अन्य काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
शिवपुरी में शराब दुकान के विरोध में महिलाओं ने खोल मोर्चा
शिवपुरी में शराब दुकान के विरोध में महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया और सड़कों पर उतरकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया. शिवपुरी के पिछोर, भौंती और मनपुरा में महिलाओं ने शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. इस दौरान महिलाओं ने शराब दुकानों से शराब की बोतलें उठाकर सड़क पर फेंक दीं. भौंती में महिलाओं का विरोध इतना बढ़ गया कि उन्होंने थाने के आगे बीच सड़क पर दुकान से लाई गई शराब की बोतलें फोड़ दीं और जमकर नारेबाजी की. आक्रोशित महिलाओं ने मौके पर पहुंची पुलिस का भी विरोध किया और पुलिसकर्मियों को खदेड़ दिया.
उज्जैन के खड़े हनुमान का मामला, पूर्व सीएम उमा भारती ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को लिखा पत्र
उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर से जुड़े मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है. उमा भारती ने पत्र में कहा कि उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर के मामले का समाधान मुख्यमंत्री स्वयं भी सोच रहे होंगे. उन्होंने कहा कि उज्जैन के धार्मिक स्थलों की गरिमा को मुख्यमंत्री से बेहतर कोई नहीं समझ सकता. उमा भारती ने अपने पत्र में शिवराज सरकार के कार्यकाल का उदाहरण देते हुए भोपाल के कमलापति पार्क के सामने हुए सड़क चौड़ीकरण का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान कमलापति पार्क के सामने बनी मस्जिद को छुआ भी नहीं गया था.
रीवा में जूनियर डॉक्टरों का आंदोलन तेज, OPD और नियमित सेवाएं बंद
रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज और संजय गांधी अस्पतालों में जूनियर डॉक्टरों ने सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है. जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने कार्यस्थल पर हिंसा और डॉक्टरों से दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए OPD और सभी नियमित ऐच्छिक सेवाओं से हटने का ऐलान किया है. हालांकि मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए इमरजेंसी, ट्रॉमा और गंभीर ICU सेवाएं जारी रहेंगी. JDA ने अस्पताल में पर्याप्त प्रशिक्षित सुरक्षा गार्ड, एक मरीज-एक अटेंडेंट नियम, गेट पास व्यवस्था, पैनिक अलार्म और डॉक्टरों से दुर्व्यवहार करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सहित कई मांगें रखी हैं. जूनियर डॉक्टरों समेत सभी रेजिडेंट डॉक्टर, इंटर्न और क्लिनिकल पोस्ट ग्रेजुएट छात्र सुबह 8 बजे से प्रशासनिक ब्लॉक/डीन कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं. JDA का कहना है कि जब तक सुरक्षा को लेकर लिखित प्रशासनिक आदेश और ठोस व्यवस्था लागू नहीं होती, तब तक नियमित सेवाएं निलंबित रहेंगी.
सागर में जहरीली शराब से अब तक 32 की मौत, पांच की हालत गंभीर
सागर के बंडा शराब कांड में मौत का आंकड़ा बढ़कर 32 पहुंचा. मेडिकल कॉलेज में लगभग 60 बीमार भर्ती हैं. 40 से ज्यादा मरीजों की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है. आईसीयू में 11 लोग भर्ती हैं. पांच मरीजों की हालत गंभीर है. हाईकोर्ट से रिटायर्ड जस्टिस विष्णु प्रताप सिंह जहरीली शराब कांड मामले की जांच करेंगे. आबकारी विभाग की फिर लापरवाही सामने आई है. आपराधिक रिकॉर्ड वाले मनीष लोधी जिसपर पहले से कई मामले दर्ज थे, उसने दूसरे नाम से लाइसेंस ले लिया था. विभाग ने पूरी जांच-पड़ताल की जहमत भी नहीं उठाई. आबकारी विभाग एक बार फिर सवालों के घेरे में है. इस मामले में आबकारी विभाग के तीन अधिकारी पहले ही निलंबित हो चुके हैं.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव आज देखेंगे हनुमान अंश फिल्म
मुख्यमंत्री विष्णुदेव आज रायपुर में हनुमान अंश फिल्म देखेंगे. वह शाम 7 बजे जोरा मॉल में फिल्म देखने जाएंगे. इस दौरान बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे.
उज्जैन में खड़े हनुमान के दर्शन करने पहुंचीं हर्षानंद गिरी
हर्षानंद गिरी आज उज्जैन में खड़े हनुमान के दर्शन करने पहुंचीं. उन्होंने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और मीडिया से बात करते हुए कहा कि सिंहस्थ के कार्यों को लेकर संतुष्ट हैं लेकिन बजरंगबली की मूर्ति को यहीं स्थापित किया जाए.
ग्वालियर में UGC रोल बैक आंदोलन आज
ग्वालियर में आज UGC रोल बैक आंदोलन होगा. इसके मद्देनजर ग्वालियर शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. फूलबाग मैदान में आयोजन हो रहा है. चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात हैं. पुलिस अधिकारी तैनात हैं. फिलहाल हालात शांतिपूर्ण हैं.
उज्जैन गोपाल मंदिर रोड की शाही मस्जिद को हटाने का रास्ता साफ, हाईकोर्ट ने खारिज की दोनों याचिका
सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. गोपाल मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण की जद में आ रही करीब 100 साल पुरानी शाही मस्जिद को हटाने के खिलाफ दायर दोनों याचिकाओं को इंदौर हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है. हालांकि कोर्ट के विस्तृत आदेश का अभी इंतजार है. आदेश सामने आने के बाद नगर निगम द्वारा आगे की कार्रवाई शुरू किए जाने का रास्ता साफ माना जा रहा है. उज्जैन में सिंहस्थ 2028 को लेकर सड़क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई मार्गों के चौड़ीकरण का काम चल रहा है. इसी कड़ी में गोपाल मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित है. इस मार्ग की जद में करीब 100 साल पुरानी शाही मस्जिद का स्ट्रक्चर भी आ रहा है. मस्जिद को हटाने के नगर निगम के नोटिस के खिलाफ दो अलग-अलग याचिकाएं हाईकोर्ट में दायर की गई थीं. इंदौर हाईकोर्ट में जस्टिस संदीप एन भट्ट की एकल पीठ ने दोनों मामलों की एक साथ सुनवाई की. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने दोनों याचिकाओं को निरस्त कर दिया. हालांकि अदालत का विस्तृत और लिखित आदेश अभी जारी नहीं हुआ है. ऐसे में नगर निगम की कार्रवाई किस प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ेगी, यह तस्वीर आदेश सामने आने के बाद और स्पष्ट होगी.
भोपाल में 21वें दिन भी चयनित शिक्षकों का प्रदर्शन जारी
भोपाल में 21वें दिन भी चयनित शिक्षकों का प्रदर्शन जारी है. पद वृद्धि की मांग को लेकर नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है. शिक्षकों ने कहा कि पॉलीटिकल पार्टी ने हमारे आंदोलन का उपयोग किया. हमने प्रशासन को मंगलवार तक का समय दिया था. हम फिर से अनशन पर बैठेंगे. जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जाती, नहीं उठेंगे. सरकार हमारे धैर्य की परीक्षा न लें. सरकार चाहती है कि हम सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करें.
धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली आपत्तिजनक पोस्ट पर FIR
शाजापुर कोतवाली थाने में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कथित तौर पर धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली आपत्तिजनक पोस्ट डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. इस मामले में बीती रात को बड़ी संख्या में सकल हिंदू समाज के लोग कोतवाली थाने पहुंचे और मामले में धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट पर धार्मिक भावनाएं आहत होने को लेकर शिकायत की गई और संबंधित आईडी धारकों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई. गौरतलब है कि दो दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर पहले मुस्लिम समाज ने एफआईआर दर्ज कराई थी. थाने पहुंचे लोगों ने आरोप लगाया कि मुस्लिम समाज की शिकायत पर पुलिस ने बिना जांच के एफआईआर दर्ज कर ली. पुलिस मुस्लिम आईडी धारकों के खिलाफ भी मामला दर्ज करें. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
डॉक्टर हनुमान दंदरौआ धाम में बुढ़वा मंगल मेले की तैयारियां शुरू
भिंड जिले के सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक धार्मिक स्थल डॉक्टर हनुमान दंदरौआ धाम में बुढ़वा मंगल मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं. देश में इकलौता ऐसा हनुमान मंदिर है, जहां हनुमान जी महाराज डॉक्टर बनकर बड़े से बड़े रोगों का उपचार करते हैं. बुढ़वा मंगल मेले की तैयारियों को लेकर दंदरौआ धाम के महंत महामंडलेश्वस्वर श्री श्री 1008 रामदास जी महाराज और कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला ने प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली. बैठक में मंत्री के साथ साथ एसपी सूरज कुमार वर्मा, एडीएम राजन बी नाडीया, एसडीएम नवनीत शर्मा, एसडीओपी संजय कोच्छा, सीईओ राजीव मिश्रा सहित सभी विभागों के प्रमुख भी शामिल हुए.
पन्ना में कटखने बंदरों का आतंक
पन्ना के देवेंद्रनगर में बंदरों का आतंक फैला हुआ है. कटखने बंदरों ने एक महीने में 100 से ज्यादा लोगों को काटा. रोज 5-7 घायल अस्पताल पहुंच रहे हैं. बंदरों की वजह से बच्चों और बुजुर्गों में दहशत है. बंदर के काटने से रेबीज का खतरा हो सकता है. नगरवासी बंदरों को भगाने की मांग कर रहे हैं.
रायपुर केंद्रीय जेल के कैदियों ने बनाई इको फ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं
रायपुर केंद्रीय जेल के कैदियों ने गणेशोत्सव के लिए इको फ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं बनाई हैं. ये मूर्तियां पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगी. जेल में बंद कैदियों ने एक से दो फीट ऊंची गणेश प्रतिमाएं तैयार की हैं. इन प्रतिमाओं में प्राकृतिक मिट्टी और रंगों के साथ तुलसी सहित विभिन्न पौधों के बीज शामिल किए गए हैं. प्रतिमाओं को आम लोगों के लिए बिक्री के लिए उपलब्ध कराया गया है. खास बात यह है कि पूजा के बाद प्रतिमाओं के विसर्जन से पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के बजाय इनसे हरियाली का विस्तार होगा. मिट्टी में प्रतिमा के घुलने के बाद उसमें मौजूद बीज अंकुरित होकर पौधे का रूप ले सकेंगे. इन मूर्तियों की बिक्री जेल परिसर के अंदर बने विशेष स्टॉल पर की जा रही है.
पंचर की दुकान में घुसी तेज रफ्तार कार, छात्र की दर्दनाक मौत
श्योपुर में एक तेज रफ्तार कार नियंत्रित होकर पंचर की दुकान में घुस गई. दुकान पर पंचर बनवा रहे छात्र को रौंदा. छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. कार चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है. विजयपुर तहसील के सहसराम गांव की यह घटना है.
गोदाम से भारी मात्रा में जिलेटिन चोरी, पुलिस महकमे में हड़कंप
महू के बड़गोंदा थाना क्षेत्र से बड़ी और बेहद संवेदनशील खबर सामने आई है. सीतापाटा गांव में एक गोदाम से भारी मात्रा में जिलेटिन विस्फोटक चोरी हो गया है. चोरी की घटना 6 और 7 सितंबर की दरमियानी रात की बताई जा रही है. गोदाम कैलाश पाटीदार का बताया जा रहा है. चोर लोहे की सरिया काटकर गोदाम के अंदर दाखिल हुए और करीब 12 पेटी विस्फोटक लेकर फरार हो गए. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है क्योंकि सवाल सिर्फ चोरी का नहीं बल्कि इस बात का है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक आखिर गया कहां और किसके हाथ लगा. इलाके में बड़े स्तर पर स्टोन क्रेशर का काम चलता है और खदानों में चट्टान तोड़ने के लिए जिलेटिन का इस्तेमाल किया जाता है. इसी वजह से गोदाम में विस्फोटक का भंडारण किया गया था लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि चोरी हुआ विस्फोटक आखिर किसके हाथ लगा है. कहीं इसका इस्तेमाल किसी दूसरी आपराधिक वारदात में तो नहीं किया जाना है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. पुलिस के लिए चोरी हुए विस्फोटक की बरामदगी सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है. घटना के बाद पुलिस की टीमें गोदाम के आसपास के इलाके में जांच-पड़ताल कर रही हैं. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को किसने अंजाम दिया और चोरी के पीछे आखिर क्या मकसद था.
भोपाल में मेडिकल छात्रों पर वॉटर कैनन चार्ज मामले में जांच के आदेश
भोपाल में मेडिकल छात्रों पर वॉटर कैनन चार्ज मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं. गृह विभाग की सचिव शिल्पा गुप्ता को जांच अधिकारी बनाया गया. 7 सितंबर को हुए प्रदर्शन में अधिक बल प्रयोग का आरोप है. सरकार ने पूछा कि क्या प्रदर्शन में जरूरत से ज्यादा बल इस्तेमाल हुआ. एक हफ्ते में जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं. दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है.
रायपुर में सिक्स पैक और डायनासोर वाली गणेश प्रतिमाओं का विरोध
राजधानी रायपुर में सिक्स पैक और डायनासोर वाली गणेश प्रतिमाओं का विरोध हो रहा है. मोवा क्षेत्र में सिक्स पैक और डायनासोर के आकार की गणेश प्रतिमा बन रही थी. संत समाज और बजरंग दल ने आपत्ति जताई. संत समाज और बजरंग दल ने मूर्तिकारों को चेतावनी दी. भगवान गणेश की प्रतिमा बनाते समय धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं का ध्यान रखने की बात कही. संगठनों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली प्रतिमाओं पर रोक नहीं लगी, तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे.
दुर्ग में निकाय चुनाव वार्ड आरक्षण के बाद बदली राजनैतिक तस्वीर
दुर्ग में निकाय चुनाव वार्ड आरक्षण के बाद राजनैतिक तस्वीर बदल गई. जिले के तीनों निकायों के दिग्गज पार्षदों के वार्ड आरक्षण की चपेट में आए. अब कई पार्षदों को अपने लिए जमीन तलाशना मुश्किल हो रहा है. कल भिलाई, भिलाई-चरोदा और रिसाली निगम के लिए वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया हुई है. प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत वार्डों में आरक्षण लागू किया गया है.
ग्वालियर के रुस्तमजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के छात्र ने की खुदकुशी
ग्वालियर के रुस्तमजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के छात्र ने आत्महत्या कर ली. 18 साल के छात्र देवजी उपाध्याय ने हॉस्टल में फांसी लगाई. उसका शव हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटका मिला. वह बीटेक फर्स्ट ईयर का छात्र था. देवजी बिहार के बक्सर का रहने वाला था. फिलहाल प्रबंधन ने इस मामले में चुप्पी साध ली है. अंतरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
मुरैना में महिला ने नदी में लगाई छलांग, ई-रिक्शा चालक ने बचाया
मुरैना में नेपरी पुराने पुल से एक महिला ने नदी में छलांग लगा दी. 26 वर्षीय बबली गौड़ ने अज्ञात कारणों के चलते आत्मघाती कदम उठाया. महिला को नदी में छलांग लगाते देख ई-रिक्शा चालक ने बहादुरी दिखाई. उसने बिना देर किए नदी में कूदकर महिला को बचाया. ई-रिक्शा चालक की तत्परता से महिला की जान बच गई. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, पुलिस जांच में जुटी है.
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों का ट्रेनिंग कार्यक्रम जारी
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों का ट्रेनिंग कार्यक्रम जारी है. आज पूर्व सीएम भूपेश बघेल ब्लॉक अध्यक्षों को ट्रेनिंग देंगे. वह बिलासपुर में ब्लॉक अध्यक्षों को ट्रेनिंग देंगे. बिलासपुर में 12 सितंबर तक ट्रेनिंग कार्यक्रम होगा. PCC के अन्य वरिष्ठ नेता भी ब्लॉक अध्यक्षों को ट्रेनिंग देंगे.
छत्तीसगढ़ में सजेगा उद्योगों का महाकुंभ
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 18 से 20 सितंबर तक 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 होगा. साइंस कॉलेज ओपन ग्राउंड में तीन दिवसीय औद्योगिक मेले का आयोजन किया जाएगा. MSME, स्टार्टअप, निवेश, रोजगार और नवाचार को साझा मंच मिलेगा. देशभर के उद्योगपति, उद्यमी, निवेशक और खरीदार रायपुर पहुंचेंगे. फेयर में उत्पाद एवं तकनीक प्रदर्शनी और निवेशकों से संवाद होगा. युवाओं के लिए जॉब प्लेसमेंट का आयोजन होगा. विद्यार्थियों को उद्योगों से जोड़ने की तैयारी की जाएगी. स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को उत्पाद और बिजनेस आइडिया प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा.
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज सुबह 10:45 बजे लोक भवन भोपाल पहुंचेंगे. वह सुबह 11:00 बजे मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे. दोपहर एक बजे समत्व भवन में भोज करेंगे. दोपहर 2:30 बजे संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज मूर्ति स्थापना समारोह (वीसी के माध्यम से) में शिरकत करेंगे. सीएम दोपहर 2:45 बजे टीकमगढ़ के ‘बलराम कृषि महोत्सव’ में वीसी के माध्यम से शिरकत करेंगे. वह दोपहर 3:55 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे. शाम 4 बजे ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना, 2026’ की वीसी बैठक में शामिल होंगे. सीएम मोहन यादव शाम पांच बजे खनिज साधन विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे.
मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, 7500 पदों पर होगी पुलिस भर्ती
मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. 7500 पदों पर पुलिस भर्ती होगी. 22 सितंबर से युवा ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. MPESB ने शेड्यूल जारी किया. 10वीं और 12वीं पास युवा आवेदन कर सकेंगे. आवेदन में संशोधन के लिए 11 अक्टूबर अंतिम तिथि रहेगी. लिखित परीक्षा 19 नंबर से होगी. अनारक्षित, EWS और OBC वर्ग के युवाओं के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं और 12वीं पास होना अनिवार्य होगा. ST वर्ग के युवाओं के लिए 8वीं पास होना अनिवार्य होगा.
शाजापुर में अवैध शराब निर्माण के ठिकाने पर दबिश, लाखों की महुआ शराब नष्ट की
शाजापुर में अवैध शराब को लेकर आबकारी विभाग और पुलिस विभाग की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है. जंगल में बने अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश देकर लाखों की महुआ शराब को नष्ट किया गया. शाजापुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग और पुलिस विभाग का संयुक्त अभियान चल रहा है. मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र में अवैध शराब भट्टी पर पुलिस ने दबिश देकर बड़ी मात्रा में महुआ लाहन जब्त किया और मौके ही उसे नष्ट किया गया. जिला आबकारी अधिकारी आरसी बारोड़ के निर्देशन में आबकारी विभाग और पुलिस विभाग की टीम ने निपानिया और टिगरिया दो जगहों पर कंजर डेरों पर दबिश देकर जंगल में चल रहे अवैध देशी शराब निर्माण के ठिकानों पर दबिश दी. इस दौरान यहां पर बड़ी मात्रा में देशी शराब महुआ लाहन का भंडार मिला, जिसकी कीमत 2 लाख 40 हजार रुपये बताई गई. मौके पर सैंपल लेने के बाद इसे नष्ट कर दिया गया और आबकारी अधिनियम के तहत तीन प्रकरण दर्ज किए गए. हालांकि मामले में मौके पर कोई भी आरोपी नहीं मिल पाया. आबकारी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई इसी तरह जारी रहेगी.
जल जीवन मिशन के काम में लापरवाही पर ठेकेदारों को नोटिस
रायगढ़ में जल जीवन मिशन के काम में लापरवाही पर ठेकेदारों को नोटिस जारी किया जाएगा. लंबे समय से काम बंद रखने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. मैसर्स प्रीति कंस्ट्रक्शन और जीतेश्वर साहू को नोटिस जारी होगा. कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की. रायगढ़ को ‘हर घर जल’ जिला बनाने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई. अक्टूबर 2026 तक 378 योजनाएं पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है. कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए.

