
Last Updated:September 10, 2026, 23:58 IST
छतरपुर जिले के रानीताल से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. बड़ामलहरा से कांग्रेस विधायक रामसिया भारती के भाई तुलसी लोधी पर मारपीट और दहशत फैलाने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि विधायक के भाई ने खेत में काम कर रहे पीड़ित परिवार पर दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर भी किया. विवाद के दौरान एक युवक के सिर में डंडा लगने से वह गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है.

कांग्रेस विधायक के भाई पर लगा आरोप
Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बडामलहरा के कांग्रेस विधायक रामसिया भारती के भाई और उनके सहयोगियों पर दबंगई, मारपीट और खुलेआम हवाई फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगा है. मामला बाजना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रानीताल का है. विवाद की शुरुआत खेत में काम करने के दौरान हुई, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने विधायक के भाई समेत 5 नामजद लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है.
खेत में काम करने के दौरान हुआ मामूली विवाद
बताया जा रहा है कि रानीताल निवासी पीड़ित रामकृपाल राजपूत अपने खेत पर कृषि कार्य कर रहा था. उसी समय गांव का खूबचंद उर्फ बृजवंत लोधी वहां पहुंचा और बिना किसी ठोस वजह के रामकृपाल के साथ गाली-गलौज करने लगा. जब रामकृपाल ने इसका विरोध किया और गाली देने से मना किया, तो आरोपी और भड़क गया. खेत पर हंगामा होते देख रामकृपाल के दो भाई भी बीच-बचाव करने और मामला शांत कराने वहां पहुंच गए.
डंडों से हमला और हवाई फायरिंग का आरोप
आरोप है कि विवाद बढ़ता देख खूबचंद के समर्थन में उसके साथी भी हथियार और लाठी-डंडे लेकर मौके पर आ पहुंचे। इनमें खूबचंद के भाई दीपक लोधी, गोविंद लोधी, विटेश उर्फ बिट्टू लोधी और बड़ामलहरा से कांग्रेस विधायक रामसिया भारती के भाई तुलसी लोधी शामिल थे.
आरोपियों ने आते ही पीड़ित परिवार पर हमला बोल दिया. इस दौरान आरोपी दीपक लोधी ने डंडे से लक्ष्मण सिंह के सिर पर जोर से वार कर दिया, जिससे वे खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े. यही नहीं इलाके में दहशत फैलाने की नीयत से आरोपियों द्वारा हवाई फायरिंग करने की बात भी सामने आई है.
जांच में जुटी हुई है पुलिस
घटना के तुरंत बाद घायल लक्ष्मण सिंह को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ामलहरा ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. रामकृपाल राजपूत की शिकायत पर पुलिस ने विधायक के भाई तुलसी लोधी समेत सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस उनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दे रही है.
About the Author
गोविन्द सिंहSenior Sub Editor
गोविन्द सिंह जनवरी 2026 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर Senior Sub Editor कार्यरत हैं, जहां वह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ स्टेट टीम का हिस्सा हैं. किस्सागोई के अंदाज में खबरें पेश कर…
और पढ़ेंLocation :
Chhatarpur,Madhya Pradesh
First Published :
September 10, 2026, 23:58 IST

