
Last Updated:September 10, 2026, 19:57 IST
सागर के बंडा-शाहगढ़ में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रशासन ने आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. गुरुवार को बंडा के वार्ड नंबर 11 और 12 में पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों से जुड़े पांच मकानों और निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई की. मौके पर तीन JCB के साथ भारी पुलिस बल तैनात रहा.

सागर जहरीली शराबकांड में बड़ा एक्शन
सागर के बंडा-शाहगढ़ में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रशासन ने आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. गुरुवार को बंडा के वार्ड नंबर 11 और 12 में पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों से जुड़े पांच मकानों और निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई की. मौके पर तीन JCB के साथ भारी पुलिस बल तैनात रहा.
करणी सेना नेता समेत तीन आरोपियों पर कार्रवाई
प्रशासन की कार्रवाई चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू के मकान से शुरू हुई। वह करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष बताए जा रहे हैं. इसके अलावा आशीष साहू और मनीष लोधी से जुड़े मकानों पर भी कार्रवाई की गई. प्रशासन के अनुसार चंद्रभान सिंह ततरवारा के एक मकान, आशीष साहू के एक मकान और मनीष लोधी के तीन मकानों पर कार्रवाई की गई है.पुलिस, प्रशासन और बंडा नगर पालिका की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की. सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया था. ताजा रिपोर्टों के मुताबिक कुल पांच मकानों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया है.
अवैध निर्माण और अतिक्रमण की जांच
प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब कारोबार से जुड़ी गतिविधियों को लेकर सख्ती जारी रहेगी. आरोपियों से जुड़ी संपत्तियों में अवैध निर्माण और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच के बाद नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है.सागर में जहरीली शराबकांड के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. सरकार ने मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं और प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं.
मौतों के आंकड़े को लेकर अलग-अलग दावे
बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब से मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ने की बात सामने आई है. कुछ रिपोर्टों में 28 मौतों का दावा किया गया है, जबकि प्रशासन की ओर से 15 मौतों की पुष्टि किए जाने की बात सामने आई है. कई प्रभावित लोगों का अस्पताल में इलाज भी जारी है.
आगे भी जारी रह सकती है कार्रवाई
जहरीली शराबकांड के बाद प्रशासन अब आरोपियों से जुड़ी अन्य संपत्तियों की भी जांच कर रहा है। साथ ही अवैध शराब के नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों पर कार्रवाई का दायरा बढ़ाया जा रहा है. पुलिस ने मामले में अंतरराज्यीय अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े कई आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी भी दी है.बंडा में हुई बुलडोजर कार्रवाई को प्रशासन की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है. अब पूरे मामले में जांच और कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ने के साथ यह भी स्पष्ट होगा कि जहरीली शराब के नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे.
Location :
Sagar,Madhya Pradesh
First Published :
September 10, 2026, 19:57 IST

