
Last Updated:September 10, 2026, 16:13 IST
ग्वालियर शहर में पेट्रोल पंप पर हुए हादसे के बाद गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारी के परिवार ने अब पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.कर्मचारी महफूज खान के परिजन आज पेट्रोल पंप पहुंचे और इलाज के लिए आर्थिक मदद नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. महफूज फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

ग्वालियर में 90% झुलसे पति के इलाज की गुहार
ग्वालियर शहर में पेट्रोल पंप पर हुए हादसे के बाद गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारी के परिवार ने अब पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.कर्मचारी महफूज खान के परिजन आज पेट्रोल पंप पहुंचे और इलाज के लिए आर्थिक मदद नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. महफूज फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. शुरुआती रिपोर्टों में हादसे में एक कर्मचारी के करीब 90 प्रतिशत झुलसने की जानकारी सामने आई है.
पति के इलाज में मदद नहीं मिलने का आरोप
महफूज खान की पत्नी मुमताज अपने 5 साल के इकलौते बच्चे और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पेट्रोल पंप पहुंचीं. पत्नी का आरोप है कि हादसे के बाद पेट्रोल पंप संचालक की ओर से उनके पति के इलाज के लिए कोई आर्थिक मदद नहीं दी गई. इसी बात से नाराज होकर वह बच्चे के साथ पेट्रोल पंप पर धरने पर बैठ गईं.मुमताज का कहना है कि उनके पति महफूज पेट्रोल पंप पर महज 8 हजार रुपये महीने की नौकरी करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है. अब पति के गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज का खर्च उठाना उनके लिए बेहद मुश्किल हो गया है.
परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट
परिजनों के मुताबिक महफूज परिवार में कमाने वाले प्रमुख सदस्य हैं। हादसे के बाद उनके अस्पताल में भर्ती होने से परिवार के सामने इलाज के साथ-साथ रोजमर्रा के खर्च का संकट भी खड़ा हो गया है. पत्नी ने पेट्रोल पंप संचालक से इलाज में आर्थिक मदद करने की गुहार लगाई है.परिवार का कहना है कि जब तक उनकी समस्या पर सुनवाई नहीं होती, तब तक वे अपनी मांग को लेकर आवाज उठाते रहेंगे.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
इस पूरे मामले में इंदरगंज पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालक की संभावित लापरवाही की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक महफूज गंभीर रूप से झुलसे हैं और फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं.पुलिस का कहना है कि महफूज के होश में आने और बयान देने की स्थिति में पहुंचने के बाद उनका विधिवत बयान दर्ज किया जाएगा. इसके बाद हादसे की परिस्थितियों और किसी भी संभावित लापरवाही की जांच आगे बढ़ाई जाएगी.फिलहाल परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों और पेट्रोल पंप संचालक की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की जिम्मेदारी और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
Location :
Gwalior,Madhya Pradesh
First Published :
September 10, 2026, 16:13 IST

