
Last Updated:September 10, 2026, 22:48 IST
Khacchar Karmchari Party: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन ने सभी का ध्यान खींचा. सीजेपी के आंदोलन के बाद ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था. चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने बिना रोजगार वाले युवाओं को कथित तौर पर कॉकरोच कहा था. इसके बाद सीजेपी का गठन हुआ था. अब मध्य प्रदेश में भी सीजेपी की तर्ज पर ही खच्चर कर्मचारी पार्टी का गठन हुआ है.

मध्य प्रदेश में हुई खच्चर कर्मचारी पार्टी की एंट्री
(रिपोर्ट-रमाकांत दुबे)
Khacchar Karmchari Party In Madhya Pradesh: सोशल मीडिया पर आज की युवा पीढ़ी (Gen-Z) जिस अंदाज में तंज और मीम्स के जरिए अपना विरोध जताती है, ठीक वही अनोखा रास्ता अब मध्य प्रदेश के सरकारी बाबुओं ने भी पकड़ लिया है. स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले राज्य शिक्षा केंद्र में इन दिनों एक अजीबोगरीब और अनूठा सियासी ड्रामा देखने को मिल रहा है. दफ्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर ‘खच्चर कर्मचारी पार्टी’ (KKP) बना डाली है, जिसका पोस्टर अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है.
एक कड़वे शब्द से शुरू हुई पूरी कहानी
इस पूरे ड्रामे की शुरुआत राज्य शिक्षा केंद्र की एक आधिकारिक बैठक से हुई. बताया जा रहा है कि मीटिंग के दौरान राज्य शिक्षा केंद्र के डायरेक्टर ने दफ्तर के पुराने अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए उन्हें कथित तौर पर ‘खच्चर’ कह दिया. सालों से निष्ठा के साथ काम कर रहे कर्मचारियों को साहब की यह कड़वी बात चुभ गई. सीधी हड़ताल या नारेबाजी करने के बजाय, कर्मचारियों ने डिजिटल युग का चतुर रास्ता चुना.
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की तर्ज पर बनाई KKP
फिल्मों और सोशल मीडिया पर चर्चित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के आईडिया से प्रेरित होकर कर्मचारियों ने तुरंत ‘खच्चर कर्मचारी पार्टी’ का गठन कर दिया। इतना ही नहीं बकायदा पार्टी का एक आकर्षक पोस्टर भी तैयार किया गया. कर्मचारियों ने इस लोगो को सोशल मीडिया पर वायरल करने के साथ-साथ सीधे डायरेक्टर साहब के व्हाट्सएप पर भी भेज दिया ताकि उनका संदेश बिना किसी शोर-शराबे के ठिकाने तक पहुंच जाए.
चर्चा का विषय बना विरोध
अब स्थिति यह है कि राज्य शिक्षा केंद्र के गलियारों में तनाव की जगह व्यंग्य का माहौल है. दफ्तर के पुराने अधिकारी और कर्मचारी एक-दूसरे को मुस्कुराकर ‘खच्चर कर्मचारी पार्टी’ का निष्ठावान कार्यकर्ता बता रहे हैं. केवल एक पोस्टर और लोगो के जरिए विरोध जताने का यह ‘Gen-Z स्टाइल’ तरीका अब पूरे भोपाल के प्रशासनिक गलियारों में कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है.
About the Author
गोविन्द सिंहSenior Sub Editor
गोविन्द सिंह जनवरी 2026 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर Senior Sub Editor कार्यरत हैं, जहां वह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ स्टेट टीम का हिस्सा हैं. किस्सागोई के अंदाज में खबरें पेश कर…
और पढ़ेंLocation :
Bhopal,Madhya Pradesh
First Published :
September 10, 2026, 22:48 IST

