
रिपोर्ट-आचार्य शिवकांत
BJP Yuva Morcha Reel Campaign: सोशल मीडिया के दौर में अगर आपकी रील बनाने की कला में दम है, तो अब आपकी यही क्रिएटिविटी आपको चमका भी सकती है और लखपति भी बना सकती है. मध्य प्रदेश में Gen-Z को अपनी विचारधारा से जोड़ने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने एक नया और इनोवेटिव सियासी फंडा आजमाया है. बीजेपी युवा मोर्चा ने प्रदेश के स्कूली और कॉलेज के छात्रों के लिए ‘वॉइस ऑफ यंग इंडिया’ (Voice of Young India) अभियान का आगाज किया है, जहां सबसे बेहतरीन रील बनाने वाले युवा को एक लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा.
ऐसा माना जाता है कि ट्रेडिशनल पोस्टर्स और रैलियों के दिन अब पुराने हो चुके हैं. आज के डिजिटल युग में युवाओं से बात करने का सबसे सीधा और आसान माध्यम स्मार्टफोन की स्क्रीन है. इसी प्लान के तहत बीजेपी युवा मोर्चा प्रदेश के स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थानों के युवाओं को सीधा कनेक्ट कर रहा है.
इस उम्र के युवा भेज सकते हैं रील
बताया जा रहा है कि छात्रों को 2 से तीन मिनट की रील बनानी होगी. इसमें विकसित भारत, राष्ट्र निर्माण समेत पांच अलग-अलग विषय हो सकते हैं. युवाओं द्वारा बनाकर भेजी जा रही इन रील्स को बीजेपी युवा मोर्चा के आधिकारिक फेसबुक पेज और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड किया जाएगा. यह सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं हो रहा, बल्कि युवाओं को मंच देने का भी काम है. इसमें 18 से 25 साल तक के युवा इस अभियान में हिस्सा ले सकते हैं.
पहले स्थान वाले को मिलेगा एक लाख रुपए का इनाम
यहां पर पहले स्थान पर आने वाली रील को एक लाख रुपए, दूसरे स्थान पर आने वाली को 50 हजार रुपए और तीसरे स्थान पर आने वाली रील को 25 हजार रुपए का अवॉर्ड दिया जाएगा. इसके अलावा टॉप-10 में रहने वाले फिनिशर्स को विशेष सम्मान और प्रशास्ति पत्र दिया जाएगा.
बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने कहा कि हम युवाओं को जोड़ने के लिए ऐसा अभियान शुरू करने जा रहे हैं. इनाम भी रखा गया है. लगातार युवा जुड़ रहे हैं.
बीजेपी प्रवक्ता ने कांग्रेस पर साधा निशाना
बीजेपी प्रवक्ता कल्पेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस आज कोई इवेंट करके देख ले उसके साथ एक भी युवा नहीं जुड़ेगा. यंग वॉइस ऑफ इंडिया एक प्रोत्साहन के लिए सरकार की योजनाओं की प्रचार प्रसार के लिए है. युवाओं को जोड़ने के लिए है. आज हम सरकार में हैं, तो अपना अभियान चला रहे हैं. कांग्रेस अपना अभियान चलाए. युवाओं के नाम पर राजनीतिक रोटियां कांग्रेस न सेंके. यह युवाओं के हाथ में है. उन्हें किसके साथ जुड़ना है.
कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कसा तंज
कांग्रेस के मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने तंज भरे हुए लहजे में कहा कि मध्य प्रदेश कांग्रेस का मीडिया डिपार्टमेंट भी अब सागर के शराब कांड की रील बनाएगा. इंदौर के गटर का पानी पीने की समस्या वाली रील बनाएगा. छिंदवाड़ा में जहरीले सिरप से 27 बच्चों की मौत हुई. उसकी रील बनाएगा. जो भी असली रील बनाएगा. उसको हम भी एक लाख रुपए का इनाम देंगे.

