
Last Updated:September 10, 2026, 22:04 IST
Digvijaya Singh: दिग्विजय सिंह हमेशा से ही अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं. अब उन्होंने गुना में भाजपा और आरएसएस-विहिप पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि जब राम मंदिर के लिए शिला पूजन प्रक्रिया शुरू की गई थी, तब भी चंदे में हेराफेरी हुई थी. अब भी चंदे में चोरी हुई है. इसी वजह से वह महाकाल मंदिर से लेकर अयोध्या धाम तक यात्रा निकालेंगे.

दिग्विजय सिंह ने VHP पर लगाए गंभीर आरोप
Digvijaya Singh: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह गुना में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे. इस दौरान उन्होंने खरीफ फसल के मौसम में किसानों को हो रही खाद और बिजली की समस्या का जिक्र किया. इसके अलावा वोटर लिस्ट, बीएलए को सक्रिय रखने और आगामी चुनाव बूथ स्तर पर लड़ने की जरूरत पर भी बल दिया. इसी क्रम में उन्होंने विश्व हिंदू परिषद पर बड़ा आरोप भी लगाया. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद पर धार्मिक मामलों में दखलंदाजी का आरोप लगाया.
दिग्विजय सिंह ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने धर्म का पालन करने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन नफरत फैलाकर लोगों को गुमराह करना चिंता का विषय है. उन्होंने दावा किया कि 1984 में भाजपा को लोकसभा में केवल दो सीटें मिली थीं, जिसके बाद पार्टी ने धार्मिक उन्माद के जरिए अपनी पैठ बनाई.
दिग्विजय सिंह ने विश्व हिंदू परिषद पर लगाए गंभीर आरोप
इसके बाद दिग्विजय सिंह ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए 1988-89 में शुरू हुई शिला पूजन प्रक्रिया का जिक्र करते हुए दावा किया कि उस दौरान करीब 1400 करोड़ रुपए का चंदा एकत्र होने का अनुमान था, जबकि विश्व हिंदू परिषद ने अपने खाते में केवल 8.29 करोड़ रुपए का चंदा दर्ज किया. उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण के बाद वहां की स्थापित परंपराओं और पुजारियों को हटाकर विश्व हिंदू परिषद के प्रतिनिधियों को बैठाया गया और चढ़ावे में भी हेराफेरी की गई.
महाकाल मंदिर से अयोध्या धाम तक यात्रा करेंगे दिग्विजय सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री ने इन आरोपों के आधार पर घोषणा की कि वे निजी तौर पर शिव धाम महाकाल मंदिर से लेकर राम धाम अयोध्या तक यात्रा करने के लिए तैयार हैं. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘राजा साहब जिंदाबाद’ के नारे लगाए, जिस पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि नारेबाजी, बैंड-बाजा, पटाखे और ढोल जैसी चीजें उन्हें पसंद नहीं हैं. यह सब बड़े नेताओं के लिए होता है, जबकि उनका कार्यकर्ताओं से पारिवारिक जैसा रिश्ता है.
About the Author
गोविन्द सिंहSenior Sub Editor
गोविन्द सिंह जनवरी 2026 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर Senior Sub Editor कार्यरत हैं, जहां वह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ स्टेट टीम का हिस्सा हैं. किस्सागोई के अंदाज में खबरें पेश कर…
और पढ़ेंLocation :
Guna,Madhya Pradesh
First Published :
September 10, 2026, 22:04 IST

